राजस्व वसूली में लापरवाही पर डीएम सख्त,विभागों को दी चेतावनी,परिवहन,आबकारी और पीडब्ल्यूडी की कम वसूली पर डीएम नाराज।

Spread the love

 

बलिया /जनपद में राजस्व कार्यों की समीक्षा एवं कर-करेतर वसूली को लेकर गुरुवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। जिलाधिकारी ने पिछली वसूली की स्थिति पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पिछले वित्तीय वर्ष में परिवहन विभाग और आबकारी विभाग लक्ष्य के सापेक्ष वसूली नहीं कर पाए। इसके अलावा मंडी रसड़ा में भी निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रह नहीं हो सका। पीडब्ल्यूडी विभाग की वसूली भी अपेक्षाओं से कम रही। इस पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि संबंधित क्षेत्रों के लिए एसडीएम, जो कि मंडी के सभापति होते हैं, उन्हें ही इसकी जिम्मेदारी लेनी होगी। उन्होंने सभी विभागों को चेताया कि नए वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जो राजस्व लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं, उन्हें हर हाल में समय से पूरा किया जाए।जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि राजस्व लक्ष्य को मासिक आधार पर विभाजित कर वसूली सुनिश्चित की जाए। सभी तहसीलदारों को हफ्ते में कम से कम एक बार अमीनों से संवाद करने और प्रगति की समीक्षा करने को कहा गया। वहीं एसडीएम को हर 15 दिन में वसूली की समीक्षा करने और लक्ष्य के मुकाबले प्रगति की जानकारी रखने के निर्देश दिए गए। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण को लेकर भी जिलाधिकारी ने सख्ती दिखाई। उन्होंने कहा कि नेगेटिव फीडबैक पर विशेष ध्यान दिया जाए और पूरी पारदर्शिता के साथ शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही सभी अधिशासी अधिकारियों (ईओ) को निर्देशित किया गया कि मंत्री, विधायक और सांसद द्वारा भेजे गए प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए और समयबद्ध तरीके से उनका निष्पादन किया जाए। बैठक में सीडीओ ओजस्वी राज, सीआरओ त्रिभुवन, एडीएम अनिल कुमार, सभी एसडीएम एवं जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *