बलिया में ”प्यार” को पाने के लिए बिजली टावर पर चढ़ा युवक पहुंची पुलिस।

Spread the love

 

बलिया /बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के देवडीह गांव में रविवार की सुबह सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गांव का ही एक युवक 33 हजार वोल्ट के बिजली टॉवर पर चढ़ गया। आस-पास के लोगों ने उसे नीचे उतारने की कोशिश की, पर वह प्यार के आगे कुछ सुनने को तैयार ही नहीं था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लगभग डेढ़ घंटे के बाद युवक को टॉवर से उतारकर कोतवाली ले गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
देवडीह गांव निवासी मिथुन राजभर अपनी ही गांव की एक नाबालिग लड़की से बात कराने की जिद पर अड़ा था। वह बार-बार चेतावनी दे रहा था कि जब तक उससे बात नहीं कराई जाएगी, वह टॉवर से नीचे नहीं उतरेगा। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पूरे इलाके में हड़कंप की स्थिति उत्पन्न हो गई। टॉवर पर तारों में बिजली प्रवाहित हो रही थी।
सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह ने लगातार समझाने-बुझाने की कोशिश की, लेकिन युवक अपनी जिद पर अड़ा रहा, जिससे स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने मोबाइल से युवक से बातचीत कर सूझबूझ दिखाते हुए सुरक्षित नीचे उतरने के लिए राजी कर लिया। युवक के नीचे उतरते ही पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। पुलिस युवक को अपने साथ कोतवाली लेकर चली गई। घटना के बाद क्षेत्र में इस हाई वोल्टेज ड्रामे की चर्चा हो रही है।
बता दें कि एक सप्ताह पहले ही सुखपुरा थाना क्षेत्र में एक ऐसा ही मामला सुर्ख़ियो में था। वहां प्रेमी को पाने के लिए प्रेमिका टॉवर पर चढ़ी थी। हालांकि, उस मामले में प्रेमी-प्रेमिका एक दूजे के हो चुके है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *