बलिया /जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सोमवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित जनसुनवाई के दौरान ग्राम जुगेसरा निवासी दिव्यांग मंटू चौहान अपने बड़े भाई के साथ पहुंचे और ट्राई साइकिल व आवास की मांग को लेकर प्रार्थना पत्र सौंपा। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल दिव्यांगजन अधिकारी को ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि ट्राई साइकिल तुरंत मंगाई जाए और वह स्वयं अपने हाथों से इसे प्रदान करेंगे। निर्देश के बाद जनसुनवाई के बीच ही ट्राई साइकिल मंगाई गई और जिलाधिकारी ने मंटू चौहान को अपने हाथों से ट्राई साइकिल भेंट की। ट्राई साइकिल मिलते ही मंटू चौहान और उनके भाई के चेहरे पर खुशी साफ झलकने लगी। इस दौरान जिलाधिकारी ने उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार की सभी पात्र योजनाओं का लाभ उन्हें उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ समय से और पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित किया जाए।