बलिया डबल मर्डर : मौके पर पहुंचे डीआईजी सुनील कुमार सिंह, आरोपी की तलाश तेज।

Spread the love

 

बलिया /जनपद के थाना नगरा क्षेत्र के बछईपुर गांव में 25/26 अप्रैल 2026 की मध्य रात्रि हुए सनसनीखेज डबल मर्डर से इलाके में दहशत फैल गई। घरेलू विवाद के चलते हुई इस खूनी वारदात में एक युवक ने अपनी पत्नी और सास की चाकू से हमला कर हत्या कर दी, जबकि ससुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार, अमित कुमार गुप्ता (निवासी सिंहाचौर, थाना गड़वार) देर रात अपने ससुराल पहुंचा था। किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद होने पर उसने हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे सास-ससुर को भी उसने निशाना बनाया।
हमले में पत्नी और सास सुशीला देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल ससुर को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्वाट, सर्विलांस टीम और क्षेत्राधिकारी रसड़ा के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *