बलिया /’टीबी मुक्त भारत अभियान’ के तहत परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के नारायणी टाकिज स्थित कैंप कार्यालय पर विशेष आयुष्मान आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया। इसमें हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन से लोगों की जांच हुई। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा नेता धर्मेंद्र सिंह उपस्थित रहे। शिविर का मुख्य उद्देश्य उच्च जोखिम वाली आबादी की सुरक्षा व क्षय रोगी की जनसंख्या की पहचान करना और उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराना है। इसके अंतर्गत निम्नलिखित श्रेणियों के 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग, धूम्रपान एवं नशा करने वाले व्यक्ति, मधुमेह से ग्रसित रोगी व टीबी रोगियों के संपर्क में रहने वाले परिवार के सदस्यों तथा घनी आबादी और कुपोषण के शिकार व्यक्तियों को चिंहित करना है। इस दौरान जिला क्षय रोग अधिकारी डा.साकेत बिहारी ने कहा कि भारत सरकार द्वारा जनपद को प्रदान की गई अत्याधुनिक हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन इस अभियान का मुख्य आकर्षण रही। इस मशीन के जरिए भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और शिविरों में तत्काल एक्स-रे कर संभावित रोगियों की पहचान की जा रही है। अधिक से अधिक जांच होने से रोगियों को तुरंत इलाज पर रखा जा सकेगा, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा न्यूनतम हो जाएगा। मंत्री के कार्यालय द्वा इस शिविर के आयोजन में पूर्ण सहयोग प्रदान किया गया। मंत्री दयाशंकर सिंह की प्रेरणा से ही इस विशेष अभियान को अमलीजामा पहनाया गया है। शिविर को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग के क्षय रोग अनुभाग की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस दौरान जिला कार्यक्रम समन्वयक आशीष सिंह, जिला समन्वयक अनुराग पांडेय, संजीत सिन्हा, जेपी राय का विशेष योगदान रहा। कहा कि प्रशासन का संकल्प है कि निरंतर ऐसे शिविरों के माध्यम से ‘टीबी मुक्त बलिया’ के सपने को साकार किया जाए। कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष सोनी तिवारी, खड़ग बहादुर तिवारी, हर्ष सिंह, सुरजीत सिंह परमार, संजीव कुमार डम्पू, सुनील सिंह, योगेश सिंह, राजेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।