बलिया: विकास कार्यों की समीक्षा को लेकर शुक्रवार को विकास भवन सभागार में ‘दृष्टि’ समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता माननीय सदस्य विधान परिषद रविशंकर सिंह ‘पप्पू’ ने की। इस दौरान जिले के विभिन्न विभागों की योजनाओं और चल रहे विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज ने एमएलसी रविशंकर सिंह ‘पप्पू’ का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। इसके बाद ग्राम्य विकास, ग्रामीण अभियंत्रण, स्वास्थ्य, ऊर्जा, कृषि, पंचायती राज, शिक्षा, सिंचाई, समाज कल्याण, पर्यटन, महिला एवं बाल विकास, मत्स्य, उद्यान, अल्पसंख्यक कल्याण, नमामि गंगे, जलापूर्ति समेत कई विभागों की योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई।
एमएलसी रविशंकर सिंह ‘पप्पू’ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि विकास योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जनहित से जुड़ी योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं और विकास कार्यों से जुड़े सुझाव रखे, जिस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस मौके पर विधायकगण, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य, मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज सहित जिले के तमाम विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।