बलिया। पत्रकारिता दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में इण्डियन रेडक्रॉस सोसायटी एवं जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय के समाज कार्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी एवं रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष मंगला प्रसाद सिंह के निर्देशन में किया गया।
शिविर का उद्घाटन ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. रितेश सोनी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसायटी के कोषाध्यक्ष एवं जिला समन्वयक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय ने मुख्य अतिथि डॉ. रितेश सोनी, डॉ. दीपक तथा डॉ. विनोद का बुके भेंट कर स्वागत किया।
डॉ. रितेश सोनी ने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे बड़ा कोई दान नहीं है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त से तीन लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने इण्डियन रेडक्रॉस सोसायटी एवं समाज कार्य विभाग के इस संयुक्त प्रयास की सराहना करते हुए सभी रक्तदाताओं को शुभकामनाएं दीं।
जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. विनोद कुमार ने भी रेडक्रॉस सोसायटी के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि संस्था समय-समय पर ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करती रहती है, जो समाज के लिए अत्यंत उपयोगी हैं।

शिविर में कुल 9 लोगों ने रक्तदान किया। आदित्य सिंह, प्रियांशु सिंह, धर्मेंद्र सिंह, सागर प्रताप सिंह और रितेश सिंह ने पहली बार रक्तदान किया, जबकि प्रेरक गुप्ता ने 22वीं बार रक्तदान कर युवाओं को प्रेरित किया।
इस दौरान रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा तीन जरूरतमंद मरीजों को रक्त भी उपलब्ध कराया गया, जिनके पास कोई डोनर नहीं था। इनमें श्रीमती रुबी देवी (रेवती गायघाट), चंद्रसेन सिंह (वार्ड नं. 6, रेवती उत्तर टोला) तथा राहुल कुमार (रेवती भटवलिया) शामिल हैं। ये सभी मरीज जिला अस्पताल एवं महिला अस्पताल में भर्ती हैं।
कार्यक्रम में रविशंकर तिवारी, अनुपम सिंह, जी.के. दुबे, सभापति विजय शर्मा, अन्नपूर्णा नन्द तिवारी, अविनाश सिंह नन्दन, नितेश पाठक, कमलेश कुमार पांडे, श्याम जी सिंह, कुसुम देवी, रीना देवी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।थंबनेल लाइन: “पत्रकारिता दिवस पर महादान! 9 युवाओं ने दिया रक्त, 3 मरीजों को मिली नई जिंदगी”