बलिया /शहर के मंडी क्षेत्र के मोती नगर परिखरा मोहल्ले में शनिवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव उसके कमरे में पंखे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र के राजपूत नेवरी निवासी 40 वर्षीय इंद्रदेव चौबे शहर के मंडी के पास अपना मकान बनाकर पिछले करीब एक दशक से रह रहे थे। वह निजी तौर पर अधिकारियों के वाहन चालक के रूप में कार्य करते थे। मकान के पिछले हिस्से में किरायेदार भी रहते हैं।
शनिवार की सुबह किरायेदारों ने जब इंद्रदेव के कमरे में कोई हलचल नहीं देखी तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। झांककर देखने पर उनका शव पंखे से फंदे के सहारे लटका मिला। यह दृश्य देखते ही किरायेदारों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर थाना प्रभारी वंश बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने किरायेदारों से पूछताछ की, वहीं फॉरेंसिक टीम को भी बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और रिश्तेदार भी मौके पर पहुंच गए। इंद्रदेव के रिश्तेदार चंद्रशेखर चतुर्वेदी ने बताया कि वह काफी मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। शुक्रवार की रात भोजन करने के बाद वह अपने कमरे में सोने चले गए थे। सुबह कोई आहट न मिलने पर किरायेदारों को शक हुआ और उन्होंने झांककर देखा तो घटना का पता चला।
इस संबंध में बांसडीहरोड थानाध्यक्ष वंश बहादुर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।