बलिया /सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक यात्री का पैर फिसल गया और वह प्लेटफॉर्म व ट्रेन के बीच में फंसकर 100 मीटर तक घसीटता चला गया। ट्रेन के रवाना होने के बाद उसे घायलावस्था में जीआरपी तथा आरपीएफ ने सीएचसी सोनबरसा पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पाटलिपुत्र जंक्शन से चलकर बलिया को आने वाली पाटलीपुत्र-बलिया अप पैसेंजर ट्रेन (63333) रविवार को करीब 11:35 बजे सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पहुंची। यहां दो मिनट रुकने के बाद वह चलने लगी। इसी दौरान बैरिया क्षेत्र के करमानपुर निवासी मुहम्मद इंद्रीश (30) बलिया आने के लिए इस ट्रेन में सवार होने लगे, लेकिन गेट पर पैर रखते ही अनियंत्रित हो गए और उनका पैर फिसलकर ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच में चल गया। ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच वह 100 मीटर तक घसीटते चले गए। इस दौरान वहां मौजूद अन्य यात्रियों ने किसी तरह उनका हाथ पकड़कर प्लेटफॉर्म के ऊपर खींच लिया। हालांकि हादसे में इंद्रीश बुरी तरह जख्मी हो गए। जीआरपी व आरपीएफ की टीम ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन बचाया नहीं जा सका।