बलिया /जिला स्तरीय व्यापार बंधु की बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने व्यापारियों से जुड़ी समस्याओं की बिंदुवार समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने महिला अस्पताल परिसर एवं चमन सिंह बाग रोड पर सुलभ शौचालय निर्माण के लिए अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देशित किया। साथ ही जनपद की सभी नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों में मूलभूत सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए शौचालय, मूत्रालय तथा शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा। विकासखंड बांसडीह अंतर्गत ग्राम केवरा बाजार में सड़क पर ही बाजार लगने के कारण पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने केवरा बाजार को बलेउर मंडी में शिफ्ट कराने के निर्देश दिए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके। वार्ड नंबर 10 में जगन्नाथ चौधरी की मूर्ति के दाहिने तरफ वाले मार्ग पर बांस के सहारे विद्युत लाइन खींचे जाने का मामला भी उठाया गया। इसे जान-माल के लिए खतरा बताते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग को तत्काल वहां विद्युत खंभा लगाकर सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा बलिया शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी को जानकारी मिली कि कई कैमरे खराब हैं, जिस पर उन्होंने संबंधित विभाग को जांच कराकर सभी सीसीटीवी कैमरों को शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनहित और व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। बैठक में डीडीओ आनंद प्रकाश एवं सभी व्यापार बन्धु उपस्थित रहे।