राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने की तैयारी, विद्युत विभाग के साथ बैठक।

Spread the love

 

बलिया /उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बलिया अनिल कुमार झा के आदेश पर आगामी 9 मई 2026 को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को एडीआर भवन, दीवानी न्यायालय परिसर में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बलिया के सचिव चन्द्र प्रकाश तिवारी ने की। इस दौरान विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ लोक अदालत की तैयारियों और लंबित मामलों के अधिक से अधिक निस्तारण पर विस्तृत चर्चा की गई।
सचिव चन्द्र प्रकाश तिवारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत में विशेष रूप से विद्युत अधिनियम से जुड़े मामलों के निस्तारण पर जोर दिया जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय स्तर पर लंबित मामलों को चिन्हित कर अधिक से अधिक संख्या में उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी बल दिया। अधिकारियों से कहा गया कि स्थानीय स्तर पर सहयोग लेकर आम जनता को लोक अदालत के प्रति जागरूक किया जाए और उन्हें सुलह-समझौते के माध्यम से अपने मामलों के निस्तारण के लिए प्रेरित किया जाए। बैठक में विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता शैलेश कुमार शर्मा, ऋषिकेश सिंह, मनोज कुमार एवं लक्ष्मण मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *