कार्य में लापरवाही पर एफआईआर की चेतावनी।
बलिया /जिलाधिकारी ने 05 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कई परियोजनाओं में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई। जिला पर्यटन विभाग द्वारा कराई जा रही विभिन्न परियोजनाओं में व्यय का सही विवरण प्रस्तुत न किए जाने और ठेकेदारों द्वारा कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण न करने पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि शीघ्र प्रगति नहीं हुई तो संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी दी।
जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश विकास परिषद निर्माण इकाई को निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए उन्हें यथाशीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। वहीं यूपी सिडको और समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित राजकीय आश्रम पद्धति बालिका विद्यालय, हुसैनाबाद के निर्माण कार्य में भी तेजी लाने और समय से कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, बेरुआरबारी के निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य में तेजी लाकर जल्द से जल्द इसे पूर्ण कराया जाए। बैठक में सीएमओ, डीडीओ आनंद प्रकाश, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी एवं समस्त जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।