स्पोर्ट्स कॉलेजों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, 518 सीटों पर होगा चयन।

Spread the love

 

बलिया /खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर प्रदेश के स्पोर्ट्स कॉलेजों में सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस संबंध में जारी विज्ञप्ति के अनुसार कुल 518 संभावित रिक्त सीटों पर कक्षा 6, 9 और 11 में प्रवेश दिया जाएगा। गुरू गोविन्द सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ, वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर, सैफई स्पोर्ट्स कॉलेज इटावा, स्पोर्ट्स कॉलेज फतेहपुर और स्पोर्ट्स कॉलेज सहारनपुर में यह प्रवेश प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संपादित की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट sportscollegelko.in या khelsathi.in पर जाकर निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क 200 रुपये निर्धारित किया गया है। बिना पेन नंबर (PEN) के आवेदन मान्य नहीं होंगे और अभ्यर्थियों के शैक्षिक अभिलेखों का सत्यापन यूडाइज प्लस पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। आयु सीमा के अनुसार कक्षा 6 के लिए 9 से 12 वर्ष, कक्षा 9 के लिए 12 से 15 वर्ष तथा कक्षा 11 के लिए निर्धारित आयु सीमा तय की गई है, जिसकी गणना 1 अप्रैल 2026 के आधार पर होगी।
अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना चाहिए तथा उसे अपने आधार कार्ड में दर्ज पते के अनुसार ही संबंधित मंडल से आवेदन करना होगा। अन्य मंडल से किया गया आवेदन निरस्त कर दिया जाएगा।
प्रारंभिक चयन (ट्रायल) परीक्षा में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को निर्धारित खेल किट में उपस्थित होना अनिवार्य है। यह परीक्षा संबंधित परीक्षा केंद्र पर सुबह 07 बजे से 09 बजे के बीच आयोजित की जाएगी।
आजमगढ़ और गोरखपुर मंडल के अभ्यर्थियों के लिए ट्रायल्स स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर में 18 और 19 मई 2026 को आयोजित किए जाएंगे। चयन प्रक्रिया में एथलेटिक्स, क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी, बॉक्सिंग, हैंडबॉल, हॉकी, जिम्नास्टिक, कुश्ती, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, जूडो, भारोत्तोलन और तैराकी जैसे खेल शामिल हैं। प्रशासन ने सभी इच्छुक खिलाड़ियों से समय रहते आवेदन करने और निर्धारित तिथि पर ट्रायल में भाग लेने की अपील की है। यह जानकारी जिला क्रीड़ाधिकारी जवाहर लाल यादव ने दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *