बलिया /मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुशील कुमार मिश्रा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत अनुसूचित जाति की महिला लाभार्थियों के लिए बैकयार्ड पोल्ट्री योजना (राज्य योजना) संचालित की जा रही है। इसके लिए जनपद के सभी विकास खंडों से इच्छुक महिलाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत चयन में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (SRLM) से जुड़े स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। लाभार्थी का अनुसूचित जाति से होना अनिवार्य है और उसका चयन ग्राम स्तर पर ग्राम प्रधान की संस्तुति के आधार पर किया जाएगा। साथ ही, आवेदिका उसी ग्राम की निवासी होनी चाहिए और उसके पास कुक्कुट पालन के लिए आवश्यक व्यवस्था एवं रुचि भी होनी चाहिए। इस योजना के तहत आवेदन करने वाली महिला के पास स्वयं का बैंक खाता होना जरूरी है तथा आवेदन पत्र के साथ जाति प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा। इच्छुक महिलाएं आवेदन पत्र अपने निकटतम पशु चिकित्सालय से प्राप्त कर सकती हैं। पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन पत्र को संबंधित विकास खंड स्तरीय पशु चिकित्सालय में जमा करना होगा। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 12 मई 2026 निर्धारित की गई है। पशुपालन विभाग ने पात्र महिलाओं से समय रहते आवेदन करने की अपील की है, ताकि वे इस योजना का लाभ उठाकर स्वरोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें।