बलिया में भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार पति-पत्नी की मौत,तीन वर्षीय मासूम बेटी के सर से माता-पिता का उठ गया साया।

Spread the love

 

बलिया /उभांव थाना क्षेत्र के अवायां गांव के पास भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गये। घटना के बाद से ही मृतकों के घर कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि उभांव थाना क्षेत्र अंतर्गत बिल्थरारोड नगर के वार्ड नंबर 6 निवासी धन्नजय चौधरी (35) नगरा सरकारी अस्पताल में तैनात अपनी एएनएम पत्नी नीतू (32) के साथ बाइक से बुधवार की अपरान्ह नगरा से घर लौट रहे थे।अवायां गांव के पास उनकी बाइक की ई-रिक्शा से टक्कर हुई, जिसके बाद एक कार से भी टकरा गई। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी के अलावा अन्य वाहनों पर सवार पंकज पुत्र गुलाब दीन (निवासी अवायां), गिरिजा देवी (निवासी शाहपुर अफगां), राजाराम (निवासी तेलमा), संगीता यादव (निवासी छोटी टंगुनिया), ज्योति (निवासी टंगुनिया), विमली देवी (निवासी शाहपुर), राज (निवासी बेल्थरा रोड), चांदनी देवी (निवासी शाहपुर) तथा रेनू देवी (निवासी कोथ) इत्यादि घायल हो गये। आस-पास के लोगों ने सभी घायलों को सीएचसी सीयर पहुंचाया। इलाज के दौरान नीतू की मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल धन्नजय और आठ अन्य घायलों को बेहतर उपचार के लिए बलिया तथा मऊ रेफर किया गया। मऊ में उपचार के दौरान देर रात धन्नजय चौधरी की भी सांसे थम गई। उभांव पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया।
पति-पत्नी की मौत के बाद बेल्थरा रोड में शोक की लहर है, जिसे भी इस मनहूस घटना की जानकारी हो रही है वह पीड़ित परिवार को संवेदना जताने पहुंच रहा है। बेटे और बहू की मौत से मर्माहत पिता अमिर चंद को मानो काठ मार गया हो। कमोवेश यही स्थिति पूरे परिवार की है। वहीं, मां-बाप की मौत से दम्पती की तीन वर्षीय मासूम बेटी अनाथ हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *