बलिया /उत्तर प्रदेश पुलिस के अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सहतवार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नाबालिग के अपहरण एवं पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में वांछित चल रहे अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश शुक्ला के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर प्रसाद के निकट पर्यवेक्षण में थाना सहतवार पुलिस लगातार अपराधियों के विरुद्ध अभियान चला रही है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने यह महत्वपूर्ण कार्रवाई की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 मई 2026 को थाना सहतवार के थानाध्यक्ष प्रशान्त कुमार चौधरी अपनी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में वांछित अभियुक्तों की तलाश, देखभाल एवं रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मु0अ0सं0 109/2026 धारा 87, 137(2), 65(1) बीएनएस एवं 5L/6 पॉक्सो एक्ट से संबंधित अभियुक्त विशाल सिंह रजौली तिराहे के पास कहीं बाहर भागने की फिराक में खड़ा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही अभियुक्त भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विशाल सिंह पुत्र सर्वदेव सिंह (21 वर्ष), निवासी ग्राम दूबेछाप, थाना सहतवार, जनपद बलिया के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में भेजते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।