बलिया /पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में अवैध शराब की बिक्री, निष्कर्षण एवं मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मनियर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश चन्द्र शुक्ला एवं क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र के निकट पर्यवेक्षण में थाना मनियर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए लगभग 5 हजार लीटर अवैध लहन एवं कई अवैध शराब भट्टियों को नष्ट कर दिया।
बताया गया कि 14 मई 2026 को थानाध्यक्ष अजय कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में थाना मनियर पुलिस टीम ने घाघरा नदी के किनारे बॉर्डर क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान भारी मात्रा में अवैध लहन एवं शराब बनाने में प्रयुक्त भट्टियों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। हालांकि छापेमारी के दौरान शराब बनाने वाला कोई व्यक्ति मौके पर नहीं मिला।
पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कार्रवाई करने वाली टीम में उ0नि0 ब्रजेश कुमार राय, हे0का0 श्यामदुलार यादव, हे0का0 कमला यादव, का0 जगदीश पटेल, रि0का0 विवेक एवं रि0का0 अतुलेश ओझा शामिल रहे।