बलिया /माननीय उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बलिया अनिल कुमार झा के मार्गदर्शन में शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) बलिया के सचिव चन्द्र प्रकाश तिवारी ने वृद्धाश्रम गड़वार का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों से आत्मीय बातचीत कर उनके रहन-सहन, खान-पान एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने वृद्धजनों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित समाधान के लिए अधीक्षक को आवश्यक निर्देश दिए।
सचिव चन्द्र प्रकाश तिवारी ने जिला चिकित्साधिकारी को पत्र भेजकर वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित कराने के निर्देश भी दिए, ताकि वृद्धजनों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा सके। उन्होंने कहा कि यदि किसी बुजुर्ग को किसी प्रकार की विधिक सहायता की आवश्यकता हो, तो वे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया से संपर्क कर सकते हैं।
निरीक्षण के बाद वृद्धाश्रम गड़वार में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बुजुर्गों को उनके विधिक अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान सचिव ने ‘माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम-2007’ के प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में अधीक्षक अजित कुमार, लेखाकार भूपेन्द्र सिंह, स्टोर कीपर तेजबहादुर, केयर टेकर मुकेश सिंह, दयाशंकर वर्मा सहित वृद्धाश्रम के कर्मचारी एवं वृद्धजन उपस्थित रहे।