बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में दिल्ली पुलिस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कोतवाली थाना क्षेत्र के माल गोदाम के सामने स्थित चटोरी गली में संचालित एक स्पा सेंटर पर अचानक छापेमारी की गई। इस हाई प्रोफाइल रेड के दौरान पुलिस ने 7 नाबालिग समेत कुल 8 लड़कियों को सकुशल बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली में दर्ज एक गुमशुदगी के मामले की जांच के दौरान दिल्ली पुलिस ने पहले गुजरात से एक लड़की को बरामद किया था। पूछताछ में लड़की ने बलिया के एक स्पा सेंटर में कई लड़कियों के होने और वहां संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की जानकारी दी। उसने बताया कि उसे गुजरात ले जाने वाली महिला बलिया के इसी स्पा सेंटर में काम करती है।
इनपुट मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम तत्काल बलिया पहुंची और स्थानीय पुलिस व एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के सहयोग से स्पा सेंटर पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके से 8 लड़कियों को बरामद किया गया। सूत्रों के मुताबिक, स्पा सेंटर की आड़ में सेक्स रैकेट चलाए जाने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
रेड के बाद सभी लड़कियों से कोतवाली थाने में घंटों पूछताछ की गई। बाद में उन्हें सुरक्षित वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया। वहीं सिटी मजिस्ट्रेट, शहर कोतवाल और दिल्ली पुलिस की मौजूदगी में देर शाम स्पा सेंटर को सील कर दिया गया।
पुलिस सभी लड़कियों की मेडिकल जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी करा रही है। इसके बाद उन्हें बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया जाएगा। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद दिल्ली पुलिस लड़कियों को अपने साथ दिल्ली ले जा सकती है।
इस कार्रवाई के बाद जिले के अन्य स्पा सेंटरों में भी हड़कंप मच गया है। फिलहाल दिल्ली पुलिस और स्थानीय प्रशासन पूरे मामले की गहन जांच में जुटा है। जांच पूरी होने के बाद कई और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।