रील का शौक पड़ा भारी! पुलिस की गाड़ी पर चढ़कर वीडियो बनाने वाला युवक गिरफ्तार।

Spread the love

 

बलिया /सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए पुलिस वाहन पर चढ़कर रील बनाना एक युवक को भारी पड़ गया। थाना दुबहड़ क्षेत्र में पीआरवी वाहन के साथ अनधिकृत रूप से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।

पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर मो. उस्मान एवं थानाध्यक्ष दुबहड़ के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार, 21 मई 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक पीआरवी-5420 वाहन के ऊपर चढ़कर रील बनाते हुए दिखाई दे रहा था। वीडियो की जांच करने पर पता चला कि यह रील थाना दुबहड़ क्षेत्र की पीआरवी-5420 पर बनाई गई थी।

सोशल मीडिया कंटेंट और स्थानीय जांच के आधार पर वीडियो बनाने वाले युवक की पहचान नीरज राम पुत्र मन्नू राम निवासी नगवां, थाना दुबहड़, जनपद बलिया के रूप में हुई। मामले में पीआरवी पर तैनात आरक्षी मन्नू कुमार की तहरीर पर थाना दुबहड़ में मुकदमा संख्या 51/2026, धारा 329(3), 221 एवं 352 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।

पुलिस ने 3 जून 2026 को आरोपी नीरज राम को हिरासत में लेकर उसके विरुद्ध धारा 107/126/135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए कानून एवं सार्वजनिक संपत्ति का दुरुपयोग न करें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *