डीएम ने बदला सम्पूर्ण समाधान दिवस का कार्यक्रम! 06 जून को रसड़ा नहीं, अब बेल्थरारोड में सुनेंगे जनता की समस्याएं।

Spread the love

 

बलिया /जन समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवस के कार्यक्रम में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने आंशिक संशोधन किया है। अब 06 जून 2026 को होने वाला सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील रसड़ा के बजाय तहसील बेल्थरारोड में आयोजित किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को जनपद की सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया जाता है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 06 जून 2026 (प्रथम शनिवार) को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील रसड़ा में सम्पूर्ण समाधान दिवस प्रस्तावित था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से कार्यक्रम स्थल में बदलाव किया गया है।

अब 06 जून को जिलाधिकारी स्वयं तहसील बेल्थरारोड में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करेंगे और आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं की सुनवाई करेंगे।

इसके साथ ही कार्यक्रम में एक और परिवर्तन किया गया है। 18 जुलाई 2026 (तृतीय शनिवार) को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित होने वाला सम्पूर्ण समाधान दिवस, जो पहले बेल्थरारोड तहसील में प्रस्तावित था, अब तहसील रसड़ा में आयोजित किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित तिथि पर संबंधित तहसील में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर जन शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *