बलिया बनेगा हरा-भरा! 6.16 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य डीएम ने किया शुभारंभ।

Spread the love

 

बलिया /डीएम मंगला प्रसाद सिंह ने कदम का पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की, लोगों से वृक्षारोपण और संरक्षण की अपील

बलिया। पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत शुक्रवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित अपने कार्यालय में कदम का पौधा लगाकर वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा तथा उपस्थित पत्रकारों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में इस वर्ष कुल 6 लाख 16 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह अभियान सभी विकास खंडों, तहसीलों और ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और देखभाल पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि भविष्य में ये पौधे बड़े वृक्ष बनकर पर्यावरण को लाभ पहुंचा सकें।

डीएम ने जनपदवासियों से अपील की कि वे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनकी नियमित देखभाल करें। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करने का संकल्प है।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों और पत्रकारों ने भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *