घाघरा नदी की बालू में छिपाकर रखी गई 270 पेटी अवैध शराब बरामद, बिहार तस्करी की थी तैयारी।
बलिया /जनपद बलिया की मनियर पुलिस ने अवैध शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए घाघरा नदी के किनारे बालू में छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 68 हजार 250 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश चन्द्र शुक्ला एवं क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र के पर्यवेक्षण में थाना मनियर पुलिस को यह सफलता मिली।
शनिवार को थाना मनियर के उपनिरीक्षक संजय कुमार यादव अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बिजलीपुर स्थित घाघरा नदी के किनारे बालू के नीचे भारी मात्रा में अवैध शराब छिपाकर रखी गई है, जिसे बिहार में तस्करी के लिए भेजा जाना था।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर बालू हटाकर खुदाई करने पर 270 पेटी (12,150 पाउच) अवैध “बंटी-बबली” शराब बरामद हुई।
पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर थाना मनियर में मु0अ0सं0 96/26 के तहत धारा 60(1)/63 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।