बलिया,सिकंदरपुर /12 जून। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविन्द चौधरी के छोटे भाई लालबचन यादव का अंतिम संस्कार शुक्रवार को उनके पैतृक गांव गोसाईपुर में पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। उनके पुत्र संपूर्णानंद यादव “चुन्नू” ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की।
अंतिम दर्शन के लिए लालबचन यादव के पार्थिव शरीर को उनके आवास पर रखा गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर पुष्प अर्पित किए और श्रद्धांजलि दी। इसके बाद निकली अंतिम यात्रा में जिले और पूर्वांचल के विभिन्न क्षेत्रों से आए जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों और ग्रामीणों की भारी भीड़ शामिल हुई।
घाघरा नदी स्थित श्मशान घाट पर हजारों लोगों की उपस्थिति में उनका अंतिम संस्कार किया गया। नम आंखों से लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई दी और वे पंचतत्व में विलीन हो गए।
लालबचन यादव के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। श्रद्धांजलि देने पहुंचे लोगों ने उनके सरल, मिलनसार और सामाजिक सरोकारों से जुड़े व्यक्तित्व को याद करते हुए उनके निधन को समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
अंतिम संस्कार में सांसद रमाशंकर राजभर, जियाउद्दीन रिज़वी, विधायक प्रभुनारायण यादव, विधायक वीरेंद्र यादव, पूर्व मंत्री शैलेन्द्र यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस दौरान पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविन्द चौधरी अपने छोटे भाई के निधन से बेहद भावुक नजर आए। वे पूरे समय पार्थिव शरीर के पास मौजूद रहे। यह दृश्य वहां उपस्थित लोगों को भी भावुक कर गया।
अंत में उपस्थित जनसमूह ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।