बलिया /आगामी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि योग दिवस का आयोजन जिले की सभी ग्राम पंचायतों, विकास खंडों, तहसीलों, विद्यालयों तथा नगर निकाय क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर किया जाएगा। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों की सहभागिता के साथ योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में भी योग दिवस कार्यक्रम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं आयुर्वेद विभाग को योग दिवस के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए गांव-गांव प्रचार-प्रसार और होर्डिंग्स लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डीएम ने बताया कि योग दिवस का आयोजन प्रातः 6:30 बजे से 8:00 बजे तक किया जाएगा। उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुलिस लाइन परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में उनकी उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आयोजन की तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।