बलिया: विश्व रक्तदाता दिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन, 20 लोगों ने किया रक्तदान।
बलिया /विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय बलिया एवं रेडक्रॉस सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ प्रदेश के आयुष मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु ने फीता काटकर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि रक्त मानव जीवन का अमूल्य आधार है। दुर्घटना, प्रसव, बड़ी सर्जरी, कैंसर, थैलेसीमिया और अन्य गंभीर बीमारियों के उपचार में रक्त की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे समय में स्वैच्छिक रक्तदाता किसी अज्ञात व्यक्ति के लिए जीवनदाता बनकर सामने आते हैं। उन्होंने लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील की।

जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा वर्ष 2004 से प्रत्येक वर्ष 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस मनाया जाता है। यह दिन नोबेल पुरस्कार विजेता वैज्ञानिक कार्ल लैंडस्टीनर की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है, जिन्होंने रक्त समूहों की खोज कर चिकित्सा विज्ञान में महत्वपूर्ण योगदान दिया था।
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कहा कि रक्तदान को महादान इसलिए कहा जाता है क्योंकि एक यूनिट रक्त से तीन अलग-अलग मरीजों की मदद की जा सकती है। रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है, इसलिए स्वस्थ व्यक्तियों का स्वैच्छिक रक्तदान समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
शिविर में कुल 20 लोगों ने रक्तदान किया।

सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही कार्यक्रम में सहयोग करने वाले स्वयंसेवी संगठनों और मेडिकल स्टाफ को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री उपेन्द्र तिवारी, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी ओम नारायण राय समेत अनेक अधिकारी, चिकित्सक, सामाजिक संगठन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुजीत यादव ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।