बलिया /जनपद बलिया के थाना सिकन्दरपुर पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में सराहनीय कार्य करते हुए पीड़ित की फंसी हुई धनराशि वापस कराई है। पुलिस की तत्परता से शिकायतकर्ता के खाते में ₹39,965 की राशि सफलतापूर्वक वापस करा दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता अजय कुमार राय पुत्र बृजनाथ कुमार राय, निवासी ग्राम कठौड़ा, थाना सिकन्दरपुर, जनपद बलिया के कोटक महिंद्रा बैंक खाते से 27 दिसंबर 2025 को अज्ञात साइबर ठगों द्वारा धोखाधड़ी कर धनराशि स्थानांतरित कर ली गई थी। इसके संबंध में शिकायत NCRP (नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल) पर दर्ज कराई गई थी।
पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) एवं नोडल साइबर सेल प्रभारी संजय वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सिकन्दरपुर राकेश कुमार सिंह एवं प्रभारी निरीक्षक मूलचंद चौरसिया के नेतृत्व में थाना सिकन्दरपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की।
पुलिस के प्रयासों के फलस्वरूप 16 जून 2026 को शिकायतकर्ता के खाते में ₹39,965 की ठगी गई धनराशि वापस करा दी गई। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित अजय कुमार राय ने बलिया पुलिस एवं थाना सिकन्दरपुर पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए उनकी सराहना की।
बलिया पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन या NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर धनराशि को सुरक्षित कराया जा सके।