बलिया: ट्यूबवेल पर सो रहे बुजुर्ग की ईंट से कूचकर हत्या, गांव में सनसनी; पुलिस जांच में जुटी।

Spread the love

 

बलिया /जनपद के सहतवार थाना क्षेत्र के उदहा गांव में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। गांव के 70 वर्षीय बुजुर्ग रामव्यास वर्मा की अज्ञात हमलावर ने ईंट से सिर कूचकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि उदहा गांव निवासी रामव्यास वर्मा (70), पुत्र स्व. मंगलदेव वर्मा, अपने घर से लगभग 400 मीटर दूर स्थित ट्यूबवेल पर सो रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके सिर पर ईंट से वार कर उनकी हत्या कर दी।

सूचना मिलते ही सहतवार थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं।

मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर सहतवार थाने में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और हत्यारे की तलाश के लिए विभिन्न पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है। घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *