बलिया /पाटलिपुत्र से बलिया आने वाली पाटलिपुत्र एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म पर निर्धारित स्थान तक नहीं रुकने से यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों का कहना है कि पहले यह ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर जीआरपी थाने के सामने तक आकर रुकती थी, लेकिन इन दिनों ट्रेन जीआरपी थाने तक आने के बजाय कंट्रोल रूम के पीछे ही रोक दी जा रही है।
इस व्यवस्था के कारण जीआरपी थाने के पास ट्रेन का इंतजार करने वाले यात्रियों को काफी दूरी तय करनी पड़ती है। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं और सामान लेकर चलने वाले यात्रियों को हो रही है। कई यात्रियों ने बताया कि ट्रेन तक पहुंचने के लिए उन्हें दौड़कर जाना पड़ता है, जिससे असुविधा के साथ-साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि पाटलिपुत्र एक्सप्रेस को पहले की तरह प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर जीआरपी थाने तक बढ़ाकर खड़ा कराया जाए, ताकि यात्रियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और सुरक्षित तरीके से ट्रेन में चढ़ने-उतरने की सुविधा मिल सके।