बलिया /बांसडीह तहसील में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने दूर-दराज से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों को शिकायतों का मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में सूर्यपुरा गांव की ममता ने शिकायत की कि उनके पति मिठाई लाल की विद्युत करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी, लेकिन उन्हें अब तक आर्थिक सहायता नहीं मिल सकी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने पूर्व में लगाई गई रिपोर्ट की जांच कराने तथा पूर्व लेखपाल और वर्तमान लेखपाल की भूमिका की जांच कर कार्रवाई के निर्देश एसडीएम को दिए। साथ ही कानूनगो को भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

वहीं बांसडीह निवासी त्रिलोकी प्रसाद ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान ध्रुव तिवारी उनकी निजी भूमि से रास्ता निकालने और जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। डीएम ने संबंधित लेखपाल और कानूनगो को मौके पर जाकर जांच करने और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
सलोनी पाण्डेय ने शिकायत की कि उनके पट्टेदार द्वारा उनके हिस्से की भूमि उन्हें नहीं दी जा रही है। इस पर डीएम ने लेखपाल और कानूनगो को खतौनी के आधार पर संबंधित पक्ष को उसके हिस्से की भूमि पर कब्जा दिलाने के निर्देश दिए। राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर जांच करने को भी कहा गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 78 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 9 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शिकायतों का केवल कागजी निस्तारण न किया जाए। अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करें और पीड़ितों को प्रभावी राहत दिलाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।
सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।