बलिया में अखिलेश यादव का भाजपा पर तीखा हमला, बोले- नाम बदलने वाली सरकार को जनता बदलेगी!

Spread the love

 

बलिया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शुक्रवार को बलिया पहुंचे। उन्होंने सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र के गोसाईंपुर गांव में पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मंत्री स्वर्गीय राम गोविंद चौधरी की तेरहवीं के कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की।

कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने एयरपोर्ट के निजीकरण और नाम बदलने की राजनीति को लेकर सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि नाम बदलने वाली सरकार को जनता बदलने जा रही है।

राम गोविंद चौधरी की स्मृति में लगेगी प्रतिमा

अखिलेश यादव ने स्वर्गीय राम गोविंद चौधरी को समाजवादी विचारधारा का मजबूत स्तंभ बताते हुए कहा कि बलिया में उपयुक्त स्थान चिह्नित कर उनकी प्रतिमा स्थापित कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि राम गोविंद चौधरी का पार्टी और समाज के प्रति योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। समाजवादी पार्टी उनके परिवार के साथ खड़ी रहेगी।

2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी दिया संदेश

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का लक्ष्य भाजपा को हराना है। उन्होंने चुनावी रणनीति में सीटों की संख्या से अधिक जीत को प्राथमिकता देने की बात कही।

उन्होंने अयोध्या में विकास कार्यों के कारण प्रभावित हुए लोगों को उचित मुआवजा नहीं मिलने का आरोप भी लगाया और सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।

राजनीतिक रूप से अहम रहा बलिया दौरा

अखिलेश यादव का यह दौरा स्वर्गीय राम गोविंद चौधरी को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ प्रदेश की राजनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण रहा। उनके बयानों से आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज होने के संकेत मिले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *