बलिया। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार मौर्य ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण का संपूर्ण जीवन देश की आजादी, लोकतंत्र की रक्षा, सामाजिक न्याय और जन अधिकारों के लिए समर्पित रहा। उन्होंने अपने संघर्षों और विचारों से देश की राजनीति को नई दिशा दी।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि जयप्रकाश नारायण द्वारा दिया गया ‘सम्पूर्ण क्रांति’ का नारा अन्याय, भ्रष्टाचार और व्यवस्था परिवर्तन के लिए जनशक्ति को संगठित करने का ऐतिहासिक प्रयास था। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा तथा समाज में समानता स्थापित करने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि बलिया की धरती ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण जैसे महान क्रांतिकारी को जन्म देकर देश को गौरवान्वित किया है। उनके विचारों को आत्मसात करना और समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय एवं अधिकार पहुंचाने के लिए संघर्ष करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
लोकनायक के विचार आज भी प्रासंगिक!
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि जयप्रकाश नारायण ने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आजादी के बाद भी उन्होंने अन्याय, भ्रष्टाचार और तानाशाही प्रवृत्तियों के खिलाफ जनआंदोलनों का नेतृत्व किया। उनकी सम्पूर्ण क्रांति की विचारधारा आज भी युवाओं और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस दौरान सपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समानता और जनहित की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
ये नेता एवं कार्यकर्ता रहे मौजूद!
कार्यक्रम में यशपाल सिंह, सुशील पाण्डेय कान्हजी, रामेश्वर पासवान, कामेश्वर सिंह, चंद्रशेखर यादव, जुबेर सोनू, प्रमोद यादव, जलालुद्दीन, श्री भगवान वर्मा, रवींद्र नाथ यादव, हरेंद्र गोंड, राजन कन्नौजिया, अजय यादव, राज कुमार पाण्डेय, चंदन यादव, ओम प्रकाश राजभर, सर्वजीत यादव, अखिलेश गुप्ता, भानु प्रताप यादव, सुभाष यादव, अवधेश यादव और नीरज यादव सहित अन्य नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बीरबल राम ने किया।