बलिया /राष्ट्रीय डाक सप्ताह के तहत बलिया में डाक विभाग की ओर से कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। 12 अक्टूबर को ‘फन विद फिलेटली डे’ के अवसर पर पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, बलिया में जिले के पहले फिलेटली क्लब का शुभारंभ अधीक्षक डाकघर राजीव कुमार श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान विद्यार्थियों को डाक टिकट वितरित कर फिलेटली यानी डाक टिकट संग्रह के प्रति प्रोत्साहित किया गया।

डाक विभाग की ओर से आयोजित ‘ढाई आखर’ प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के कुल 1176 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने धरती माता की रक्षा और उसके प्रति अपने कर्तव्यों को लेकर अपने विचार शब्दों में व्यक्त किए। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य पत्र लेखन की परंपरा को बढ़ावा देना, बच्चों के अभिव्यक्ति कौशल को विकसित करना और डाक सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत किया जाता है।
इसके अलावा किडजी स्कूल, बलिया और सन फ्लावर स्कूल, रसड़ा के विद्यार्थियों ने प्रधान डाकघर पहुंचकर डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। वहीं, बलिया प्रधान डाकघर में ‘माई स्टाम्प’ काउंटर भी स्थापित किया गया है, जहां लोग अपनी तस्वीर वाला डाक टिकट बनवा सकते हैं।
डाक विभाग की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में डाक टिकट संग्रह और पत्र लेखन के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ ही नई पीढ़ी को पारंपरिक डाक सेवाओं से जोड़ना है।