बलिया। शंकरपुर स्थित गोंडवाना भवन में 19 अक्टूबर को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) का जिला सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें 27 सदस्यीय जिला कमेटी का गठन करते हुए सुरेश शाह को जिलाध्यक्ष और परशुराम खरवार को जिला सचिव चुना गया।
कमेटी में बच्चालाल गोंड को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, अच्छेलाल गोंड को जिला उपाध्यक्ष और त्रिलोकी गोंड को सहसचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं, श्रीपति गोंड और हरिशंकर गोंड को जिला संगठन मंत्री तथा एडवोकेट अशोक गोंड को कानूनी सलाहकार बनाया गया। इसके अलावा विभिन्न तहसील इकाइयों के अध्यक्षों और जिला कार्यकारिणी सदस्यों का भी चयन किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष सुक्खू सिंह मरावी और प्रदेश महासचिव गोपाल जी खरवार ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं संगठन के प्रति निष्ठा और समर्पण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी मजबूती से अपना प्रत्याशी उतारेगी। इसके लिए गांव-गांव सदस्यता अभियान चलाने और बूथ कमेटियों का गठन करने का आह्वान किया गया।
राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अरविंद गोंडवाना ने सम्मेलन की सफलता पर सभी का आभार जताया। साथ ही एक नवंबर को वाराणसी के शास्त्री घाट पर आयोजित आदिवासी अधिकार रैली में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सुरेश शाह और जिला सचिव परशुराम खरवार ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए एक लाख सक्रिय सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा। सम्मेलन का समापन उत्साह और हर्षध्वनि के साथ हुआ।