बलिया /अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार ने जानकारी दी है कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर सर्विस मतदाताओं की निर्वाचक नामावली के अंतिम भाग की तैयारी हेतु संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत आयोग द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम और विस्तृत दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सर्विस मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 10 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। इस संबंध में निर्देशित किया गया है कि अंतिम प्रकाशन की सूचना प्रारूप-16 पर 10 बजे पूर्वाह्न तक उपलब्ध कराई जाए। साथ ही प्रकाशित सर्विस मतदाता सूची निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के हस्ताक्षर सहित संबंधित कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आयोग को समय से सूचना प्रेषित की जा सके। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि सभी प्रक्रियाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करते हुए आयोग के दिशा- निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें।