आंगनबाड़ी सहायिका चयन प्रक्रिया हुई पारदर्शी, आवेदिकाओं की आपत्तियों का मौके पर निस्तारण।

Spread the love

 

बलिया /जनपद में आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पदों पर चल रही चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के उद्देश्य से बुधवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। प्राप्त शिकायतों एवं भविष्य में संभावित आपत्तियों को ध्यान में रखते हुए 08 अप्रैल 2026 को विकास खंड मुरलीछपरा, सीयर और चिलकहर की आवेदिकाओं को गंगा ऑडिटोरियम हॉल में बुलाया गया। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी बलिया, सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी तथा बाल विकास परियोजना अधिकारी मुरलीछपरा, सीयर एवं चिलकहर उपस्थित रहे। आंगनबाड़ी सहायिका पद के लिए आवेदन करने वाली बड़ी संख्या में आवेदिकाएं भी मौके पर मौजूद रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत में जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा शासनादेश दिनांक 17 सितंबर 2025 के तहत निर्धारित चयन मानकों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके बाद आवेदिकाओं के आवेदनों का लाइव प्रस्तुतीकरण किया गया और केंद्रवार पात्र अभ्यर्थियों की सूची सार्वजनिक रूप से साझा की गई। इस दौरान उपस्थित आवेदिकाओं द्वारा चयन प्रक्रिया को लेकर उठाई गई आपत्तियों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जिससे पारदर्शिता और विश्वास बढ़ाने का प्रयास किया गया। जानकारी के अनुसार, बाल विकास परियोजना मुरलीछपरा में 56, सीयर में 67 और चिलकहर में 69 अभ्यर्थिनियां आंगनबाड़ी सहायिका पद के लिए पात्र पाई गई हैं। हालांकि, मुरलीछपरा के 4 केंद्रों और सीयर के 6 केंद्रों पर चयन प्रक्रिया फिलहाल होल्ड पर रखी गई है। अधिकारियों ने बताया कि जिन केंद्रों पर चयन रोका गया है, वहां पात्र अभ्यर्थियों के अभिलेखों का सत्यापन और प्राप्त शिकायतों की जांच के बाद चयन समिति अंतिम निर्णय लेगी। प्रशासन का कहना है कि इस तरह की पारदर्शी प्रक्रिया अपनाने से भविष्य में शिकायतों की संभावना कम होगी और योग्य अभ्यर्थियों को निष्पक्ष रूप से चयनित किया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *