निजी स्कूलों को बलिया बीएसए का अल्टीमेटम,आरटीई के तहत चयनित बच्चों का प्रवेश न लेने पर होगी बड़ी कार्रवाई।

Spread the love

 

बलिया /आरटीई के तहत शैक्षणिक सत्र-2026-27 के लिए निजी विद्यालयों में प्रवेश के लिए चयनित बच्चों का नामांकन करने में आनाकानी करने की शिकायत को बीएसए मनीष कुमार सिंह ने गंभीरता से लिया है। बीएसए ने स्पष्ट कहा है कि चयनित बच्चों का प्रवेश न लेने वाले स्कूलों के खिलाफ मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई होगी।
बता दें कि सत्र-2026-27 में नर्सरी अथवा कक्षा एक में प्रवेश के लिए करीब 2249 बच्चों का चयन लाटरी माध्यम से किया गया है, जिनका प्रवेश निजी विद्यालयों में होना है। लेकिन शिकायत मिल रही है कि अधिकांश निजी विद्यालय इन बच्चों का प्रवेश लेने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं, जो अधिनियम का सरासर उल्लंघन है। इन बच्चों का चयन आनलाइन आवेदन के आधार पर किया गया है। बीएसए ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में आरटीई के अंतर्गत लाटरी में आए बच्चों के प्रवेश को लेकर समस्त खंड शिक्षाधिकारियों को निर्देश जारी किया है।
कहा है कि ऐसी शिकायतें मिल रही है कि बच्चों का सीट अलाटमेंट के बाद भी निजी विद्यालयों में प्रवेश नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने समस्त खंड शिक्षाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने शिक्षा क्षेत्र अंतर्गत प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय चरण में चयनित समस्त बच्चों का शत प्रतिशत प्रवेश संबंधित निजी विद्यालयों में सुनिश्चित करें। यह भी सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र बच्चा प्रवेश से वंचित न रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *