बलिया /उभांव थाना क्षेत्र के महुआतर गांव निवासी शिवेंद्र यादव (18) शुक्रवार की सुबह सरयू नदी में नहाते समय गहरे पानी में जाने से डूब गया। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस नाविकों के सहयोग से शिवेंद्र की खोजबीन में जुटी रही, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। चैनपुर गुलौरा गांव के महुआतर निवासी शिवेंद्र यादव छोटे भाई और कुछ साथियों के साथ चैनपुर गुलौरा गांव स्थित मठिया शिव मंदिर के सामने सरयू नदी में स्नान करने पहुंचा था। नहाते समय अचानक गहरे पानी में जाने से डूबने लगा। छोटे भाई द्वारा शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और बचाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन तब तक शिवेंद्र डूब गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी खोजबीन शुरू कर दी गई। थाना प्रभारी दिनेश पाठक ने कहा कि पुलिस टीम नाविकों के साथ शव की तलाश में लगी है। एसडीआरएफ टीम को सूचना दे दी गई है।