बारात से लौटते समय पेड़ से टकराई गाड़ी, दुकान भी क्षतिग्रस्त।

Spread the love

 

बलिया /सुखपुरा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार स्कार्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में स्कार्पियो सवार दो लोगों और एक दुकानदार सहित कुल तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह स्कार्पियो सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के सीसोटार गांव से बारात से लौट रही थी। सुखपुरा इंटर कॉलेज गेट के सामने चालक को झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पेड़ टूटकर पास की एक दुकान पर जा गिरा, जिससे वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घायलों की पहचान स्कार्पियो सवार रामचंद्र कनौजिया (निवासी बहोरवा, थाना उभांव) और महेश कनौजिया (निवासी रसड़ा) के रूप में हुई है। इसके अलावा, अपनी दुकान की सफाई कर रहे दुकानदार दारा प्रसाद गुप्ता (पुत्र स्वर्गीय हीरा प्रसाद, निवासी सुखपुरा) भी पेड़ की चपेट में आने से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर सुखपुरा पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कार्पियो को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *