राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर संगोष्ठी एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन।

Spread the love

 

बलिया /मेरा युवा भारत, बलिया के तत्वावधान में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर जीराबस्ती स्थित सेंट्रल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण केंद्र (आरसेटी) में संगोष्ठी एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में 70 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। आयोजित क्विज प्रतियोगिता के महिला वर्ग में ईशा वर्मा ने प्रथम, अंशु यादव ने द्वितीय तथा रश्मि यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं पुरुष वर्ग में सुमित सिंह प्रथम, इम्तियाज अंसारी द्वितीय एवं सूरज सिंह तृतीय स्थान पर रहे।

सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को जिला युवा अधिकारी रवि मिश्रा एवं आरसेटी के निदेशक सुमित कुमार द्वारा संयुक्त रूप से पुरस्कृत किया गया।
जिला युवा अधिकारी रवि मिश्रा ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि उन्हें तकनीक का केवल उपयोगकर्ता नहीं, बल्कि नवाचारकर्ता, शोधकर्ता एवं निर्माता बनने की दिशा में भी कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत के निर्माण की आधारशिला है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आरसेटी के निदेशक सुमित कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस केवल एक तिथि नहीं, बल्कि भारत की वैज्ञानिक शक्ति एवं आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारतीय वैज्ञानिकों के अथक परिश्रम के कारण देश आज अंतरिक्ष, रक्षा, चिकित्सा तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जैसे क्षेत्रों में निरंतर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से ऊषा यादव, वर्धन पाठक, मनीष श्रीवास्तव, शैलेंद्र सिंह, गुप्तेश्वर प्रसाद, मनीष हिमांशु सहित अन्य लोग उपस्थित रहे कार्यक्रम का संचालन नितेश पाठक द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *