बलिया /रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के कैथीकला गांव में भैंस चराने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दो पक्षों के बीच हुई जमकर मारपीट में एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
क्षेत्राधिकारी रसड़ा आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि कैथीकला गांव में सत्येन्द्र राम द्वारा मुन्ना राजभर के खेत में भैंस चराई जा रही थी। इसे लेकर मुन्ना राजभर के परिजनों ने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। विवाद के दौरान लाठी-डंडे चलने लगे, जिसमें मुन्ना राजभर की माता भगवती देवी (65) गंभीर रूप से घायल हो गईं। उपचार से पहले ही उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बलिया मोर्चरी भेज दिया है। मृतका की बहू की तहरीर के आधार पर संबंधित& धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है और मामले की जांच जारी है।