बलिया /नगर विधानसभा की संयोजक संध्या पांडेय के नेतृत्व में भाजपा महिला मोर्चा की सदस्यों ने गुरुवार को सपा सांसद के विरुद्ध कलेक्ट्रेट परिसर में धरना देने के साथ ही सपा कार्यालय पर जिला महासचिव बीरबल राम का घेराव किया। महिला आरक्षण बिल को लेकर नगर विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं जन आक्रोश रैली का आयोजन किया। रैली का नेतृत्व नगर विधानसभा की संयोजक संध्या पांडेय ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता एवं पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट में धरना देकर सपा मुखिया अखिलेश यादव व स्थानीय सांसद के विरुद्ध नारेबाजी की। महिलाओं ने हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर समाजवादी पार्टी के खिलाफ जमकर आक्रोश व्यक्त किया। रैली कलेक्ट्रेट से होकर निकाली गई और सपा कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन में बदल गई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सपा पर महिलाओं के सम्मान के मुद्दे पर दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाया। संध्या पांडेय ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों और सम्मान के खिलाफ किसी भी प्रकार की टिप्पणी या व्यवहार को भाजपा बर्दाश्त नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है, जबकि विपक्ष केवल भ्रम फैलाने का कार्य कर रहा है। सपा कार्यालय के घेराव के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने विपक्ष के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महिलाओं के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर सपा से जवाब मांगा। कहा प्रधानमंत्री का अपमान किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रैली में शामिल महिलाओं ने कहा कि समाज में महिलाओं के प्रति गलत सोच रखने वालों के खिलाफ भाजपा सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी। कार्यक्रम के अंत में संध्या पांडेय ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जन आक्रोश रैली नारी शक्ति के स्वाभिमान व सम्मान के लिए किया गया है। कार्यक्रम में सुनीता श्रीवास्तव, कृष्णा पांडेय, श्वेता राय, विजयलक्ष्मी सिंह, रूपा सिंह, सुमन सिंह, कंचन सिंह, नीतू सिंह, गीता वर्मा आदि मौजूद रहीं।