उत्तर प्रदेश : के बलिया जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बांसडीह कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार देर रात पॉलिटेक्निक स्कूल हुसैनाबाद के पास पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में चोरी करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गिरोह का एक मुख्य सदस्य गोली लगने से घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बड़ा पोखरा के पास कुछ बदमाश चोरी की बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में विशाल भारद्वाज उर्फ अच्छे राजभर के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह मौके पर घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने घायल विशाल समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में विशाल भारद्वाज उर्फ अच्छे राजभर, रोहन सिंह, अभिनव सिंह, मनीष कुमार और विशाल भारद्वाज पुत्र स्वर्गीय हरिवंश भारद्वाज शामिल हैं। घायल बदमाश को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक नाजायज चाकू, तीन मोटरसाइकिल, चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार घायल विशाल भारद्वाज एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ बलिया और मऊ जिले के विभिन्न थानों में चोरी, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट समेत करीब 11 मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनका संगठित गिरोह बलिया और आसपास के जिलों में चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।