बलिया /जनपद के नगरा क्षेत्र अंतर्गत देवरिया गांव में समाज सेवा और जनकल्याण की दिशा में एक नई पहल के तहत बाबा शिव दत्त बहुद्देशीय हाल का भव्य लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर महिलाओं के लिए निशुल्क सिलाई प्रशिक्षण केंद्र, सिलाई मशीन वितरण तथा बुजुर्गों के लिए योग प्रशिक्षण केंद्र का भी शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन नेहरू युवा केंद्र/माय भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के पूर्व एपीएस सुभाष चंद्र द्वारा सेवानिवृत्ति के बाद समाज सेवा के संकल्प के तहत किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी बलिया के प्रतिनिधि एवं उप जिलाधिकारी रसड़ा रवि कुमार उपस्थित रहे।
उप जिलाधिकारी रवि कुमार ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल भवन का उद्घाटन नहीं, बल्कि समाज सेवा और मानवता के प्रति समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि अधिकांश लोग सेवानिवृत्ति के बाद विश्राम का जीवन चुनते हैं, लेकिन सुभाष चंद्र ने समाज सेवा का मार्ग अपनाकर मिसाल पेश की है। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई प्रशिक्षण की सराहना करते हुए कहा कि जब महिलाएं सशक्त होंगी तो परिवार और समाज दोनों मजबूत होंगे।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार बिहार के राज्य निदेशक कपिल देव ने कहा कि नेहरू युवा केंद्र संगठन हमेशा युवाओं के व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने सुभाष चंद्र के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे सेवानिवृत्ति के बाद भी समाजहित में लगातार सक्रिय हैं।
माय भारत बलिया के जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा ने कहा कि इस प्रकार के प्रयास महिलाओं के सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। वहीं जिला कृषि अधिकारी पवन कुमार प्रजापति ने बुजुर्गों के लिए योग को जरूरी बताते हुए लोगों से गृह वाटिका विकसित करने की अपील की।
कार्यक्रम में इस वर्ष विवाहिता हुई 15 महिलाओं को निशुल्क सिलाई मशीन वितरित की गई। साथ ही भवन निर्माण में सहयोग देने वाले लोगों को फूलमाला और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में डॉ. राम गोविंद प्रजापति, पंकज कुमार सिंह, ओम प्रकाश मिश्रा, पारसनाथ यादव, राजन प्रजापति, उमेश पांडे, प्रोफेसर सतीश चंद्र कॉलेज सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में सत्येंद्र राय चैन प्रताप ग्राम प्रधान, कृष्ण मुरारी पांडे, देवानंद प्रजापति, अवध किशोर समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन राज्य प्रशिक्षक अंगद सिंह यादव ने किया, जबकि अंत में पूर्व ग्राम प्रधान राम सरीखा ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।