बलिया /उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की कौशल सुधार प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से नि:शुल्क दर्जी एवं ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह जानकारी जिला ग्रामोद्योग अधिकारी संस्कृति गुप्ता ने दी।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत जनपद बलिया में सामान्य वर्ग के 75 तथा अनुसूचित जाति वर्ग के 125 सहित कुल 225 लाभार्थियों का चयन किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी विभागीय वेबसाइट UPKVIB Official Website पर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम सॉफ्टवेयर के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
चयन स्कोर कार्ड के आधार पर किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को 15 दिवसीय नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही प्रशिक्षण पूर्ण होने पर प्रति लाभार्थी 250 रुपये प्रतिदिन की दर से प्रशिक्षुवृत्ति आरटीजीएस के माध्यम से बैंक खाते में भेजी जाएगी।
यह प्रशिक्षण मण्डलीय ग्रामोद्योग प्रशिक्षण केन्द्र, धर्मागतपुर रतनपुरा मऊ के माध्यम से संचालित किया जाएगा।
आवेदन के साथ अभ्यर्थियों को फोटो, आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, शैक्षिक प्रमाण पत्र, तकनीकी योग्यता प्रमाण पत्र, राशन कार्ड/परिवार आईडी तथा बैंक पासबुक की प्रति संलग्न करनी होगी। आवेदन की हार्ड कॉपी सभी प्रमाण पत्रों सहित जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, रामपुर उदयमान बलिया में 05 जून 2026 तक कार्यालय कार्यदिवस में जमा की जा सकेगी।
योजना के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है।