बलिया /जिला ग्रामोद्योग अधिकारी संस्कृति गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड की ओर से मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना के तहत ऋण प्राप्त कर चुके कुम्हार एवं शिल्पकारों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। बोर्ड अब ऐसे अनुभवी कारीगरों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से निःशुल्क पगमिल मशीन उपलब्ध कराएगा।
यह सुविधा केवल उन्हीं लाभार्थियों को मिलेगी, जिन्होंने पूर्व में माटीकला बोर्ड द्वारा संचालित “मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना” के अंतर्गत स्वरोजगार हेतु बैंक से ऋण प्राप्त कर अपना कार्य शुरू किया है। बलिया जिले को कुल 06 पगमिल मशीनों के वितरण का लक्ष्य मिला है।
वित्तीय वर्ष 2019-20 से 2025-26 के बीच योजना के तहत ऋण प्राप्त करने वाले लाभार्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 25 मई 2026 निर्धारित की गई है।
आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को फोटो, जाति प्रमाण पत्र, शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र तथा राशन कार्ड की छायाप्रति अपलोड करनी होगी। ऑनलाइन आवेदन के बाद उसकी मूल प्रति, अपलोड किए गए दस्तावेजों एवं आधार कार्ड की छायाप्रति के साथ 30 मई 2026 तक जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, रामपुर उदयमान, बलिया में जमा करना अनिवार्य होगा।