बलिया /परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत अंशकालिक अनुदेशकों के सम्मान में विकास भवन सभागार में “अंशकालिक अनुदेशक सम्मान एवं मानदेय वितरण समारोह” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री एवं बलिया नगर विधायक दयाशंकर सिंह रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में मंगला प्रसाद सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू ने भी सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत लखनऊ स्थित लोक भवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित सम्मान समारोह के लाइव प्रसारण से हुई। सैकड़ों की संख्या में मौजूद अनुदेशकों एवं अतिथियों ने कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।
इसके बाद अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जिलाधिकारी ने मंत्री दयाशंकर सिंह को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया, वहीं बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने जिलाधिकारी का स्वागत किया।
जनपद के 18 शिक्षा क्षेत्रों से चयनित लगभग 40 अनुदेशकों को प्रतीकात्मक चेक एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए। अपने संबोधन में मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि भारत सनातन परंपराओं का देश है और शिक्षक समाज में सर्वोच्च स्थान रखते हैं। उन्होंने कहा कि अंशकालिक अनुदेशक परिषदीय विद्यालयों में निर्देशक की भूमिका निभाते हुए सैद्धांतिक एवं प्रायोगिक शिक्षा को मजबूती प्रदान कर रहे हैं।
कार्यक्रम में एसडीएम सदर अभिनेद्र सिंह, तहसीलदार अतुल हर्ष, खंड शिक्षा अधिकारी राजीव गंगवार, पवन सिंह, विशाल यादव, हिमांशु सिंह, पंकज मिश्रा, राकेश कुमार सिंह सहित कई अधिकारी एवं शिक्षक मौजूद रहे। संचालन डॉ. शशि भूषण मिश्र ने किया।