BALLIA BREAKING: प्रेम विवाह की जिद बनी मौत की वजह! फांसी के बाद परिजनों ने युवती का शव घाघरा में फेंका, 4 गिरफ्तार।

Spread the love

 

बलिया। जनपद के थाना उभांव पुलिस ने 16 मई 2026 को घाघरा नदी में मिले युवती के शव मामले का सफल अनावरण करते हुए आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण एवं साक्ष्य मिटाने के आरोप में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन और आत्महत्या में प्रयुक्त रस्सी भी बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ला एवं क्षेत्राधिकारी रसड़ा आलोक कुमार गुप्ता के पर्यवेक्षण में थाना उभांव पुलिस को यह सफलता मिली।

पुलिस के अनुसार 16 मई 2026 को सूचना मिली थी कि करीमगंज घाट स्थित घाघरा नदी में एक अज्ञात युवती का शव फेंका गया है। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती की मौत फांसी लगाने से होना सामने आया।

जांच के दौरान मृतका की पहचान निशा (19 वर्ष) पुत्री विशेश्वर निवासी नवादा थाना भीमपुरा, जनपद बलिया के रूप में हुई। विवेचना में पता चला कि निशा किसी युवक से प्रेम करती थी और उसी से शादी करना चाहती थी, जबकि उसके परिजन उसकी शादी कहीं और करना चाहते थे। इसी बात को लेकर परिवार में लगातार विवाद और प्रताड़ना होती थी।

पुलिस के मुताबिक मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर निशा ने 16 मई की सुबह घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसके बाद मुकदमे और पुलिस कार्रवाई के डर से परिजनों ने शव को बोलेरो वाहन में रखकर करीमगंज घाट के पास घाघरा नदी में फेंक दिया, ताकि साक्ष्य मिटाया जा सके।

इस मामले में थाना उभांव में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने बुधवार सुबह मुखबिर की सूचना पर भीमपुरा-मालीपुर रोड से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में मृतका का पिता विशेश्वर, चाचा परशुराम, चाचा श्रीपति प्रसाद तथा बोलेरो चालक इन्दल कुमार शामिल हैं।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन संख्या UP54Q8676 को सीज कर दिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *