दिव्यांग, गंभीर बीमारी, पति-पत्नी और अन्य विशेष परिस्थितियों में मिलेगा अंतरजनपदीय स्थानांतरण का लाभ, आवेदन की अंतिम तिथि 20 जून।
बलिया /प्रयागराज। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए परिषद संचालित विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं के अंतरजनपदीय स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। परिषद सचिव सुरेंद्र कुमार तिवारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार दिव्यांगता, कैंसर, डायलिसिस, पति-पत्नी दोनों के शिक्षक होने तथा अन्य विशेष परिस्थितियों में स्थानांतरण की सुविधा दी जाएगी।
इस बार अंतरजनपदीय स्थानांतरण के लिए सेवा अवधि की कोई बाध्यता नहीं रखी गई है। स्थानांतरण ग्रामीण से ग्रामीण तथा नगर से नगर संवर्ग में किया जाएगा। आवेदन पत्र संबंधित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से निर्धारित प्रारूप में 20 जून 2026 तक ईमेल पर भेजे जाएंगे।
परिषद ने स्पष्ट किया है कि गलत या फर्जी अभिलेख प्रस्तुत करने वाले शिक्षकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। स्थानांतरण प्राप्त करने वाले शिक्षक को यह शपथ पत्र भी देना होगा कि वह नई तैनाती वाले जनपद में वरिष्ठता सूची में विशेष लाभ लेने का प्रयास नहीं करेगा।