पुलिस भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए चलेंगी विशेष रेलगाड़ियां
बलिया /उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बताया कि 8, 9 एवं 10 जून को आयोजित होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए विभिन्न रूटों पर विशेष रेलगाड़ियों का संचालन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए रेलवे प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर अतिरिक्त ट्रेनों की व्यवस्था की गई है। इससे दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने और परीक्षा समाप्त होने के बाद अपने गंतव्य तक लौटने में आसानी होगी।
उन्होंने अभ्यर्थियों से समय से परीक्षा केंद्र के लिए रवाना होने तथा रेलवे एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि परीक्षा अवधि के दौरान परिवहन, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।